Wednesday, October 21st, 2026

संगीत समारोह में आई फोन और टैब सहित नगदी पार, सीसीटीवी में कैद

रायपुर
छेरीखेड़ी स्थित विस्लिंग वुड में संगीत समारोह के दौरान अज्ञात दो चोरों ने कमरा नंबर 808 और 809 में पीछे के खिड़की का कांच तोड़कर अंदर प्रवेश किए और वहां रखे करीब  50-60 हजार रुपये, पांच आईफोन समेत एक टैब लेकर फरार हो गए। वारदात की पूरी तस्वीर शादी हॉल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फिलहाल मंदिरहसौद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों की तलाश में लग गई है।

धमतरी निवासी कारोबारी के लड़के की शादी के एक दिन पहले हॉल के लॉन में संगीत का कार्यक्रम चल रहा था। वहां संबलपुर ओड़ीसा से लड़की पक्ष के आए हुए लोग ठहरे हुए थे। संगीत के बीच में लड़की पक्ष के कुछ लोग पास बने कमरों में गए, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। बताया जा रहा है कि कमरा नंबर 808 और 809 की पीछे तरफ से चोर खिड़की का कांच तोड़कर अंदर घुसे और वहां रखे करीब 50-60 हजार रुपये, पांच आईफोन समेत एक टैब चुराकर फरार हो गए।

घटना की सूचना तत्काल मंदिरहसौद पुलिस को दी गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरों के अंदर जाकर जांच की तो पाया कि खिड़की का कांच तोड़ते समय अज्ञात चोरों के हाथ में कांच लगने से खून निकलकर रूम के बेड़ पर गिर गया था। पुलिस ने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरो को चेक किया, तो उसमें दो अज्ञात चोर खिड़की से घुसते हुए और घटना के बाद निकलते हुए दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश में जुट गई है।

 

Source : Agency

पाठको की राय